
पुलिस अधीक्षक ने पठापुर रोड पर किया जनसंवाद
छतरपुर। जिले में शांति, सुरक्षा व कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु सभी नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा निरंतर भ्रमण कर आम जनमानस को भयमुक्त परिवेश का एहसास कराने हेतु जन संवाद किया जा रहा है। साथ ही गैर कानूनी गतिविधियों पर नियंत्रण व जन समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। इसी क्रम में बीते रोज कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड पर राम जानकी मंदिर के पास पुलिस अधीक्षक ने पुलिस जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नगर वासियों से परिचय के साथ क्षेत्र की गतिविधियों व समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर एसपी श्री जैन ने कोतवाली थाना प्रभारी को अवैध शराब, जुआ, सट्टा माफियाओं पर सख्त कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीड़ी अवैध कार्यों में संलिप्त होती दिखाई दे रही है। बच्चों को बुरे कामों से रोकना परिवार की जिम्मेदारी है। अगर गली मुहल्ले में कोई भी अवैध गतिविधि होती है, कोई भी गुण्डा बदमाश किसी को परेशान करता है तो इसकी जानकारी थाने में दे। पुलिस अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही करेगी। उन्होंने बताया कि जनसंवाद का उद्देश्य यही है कि क्षेत्र में माहौल अच्छा बना रहे। रात में भी निकलते समय लोग भयभीत न हों। निगरानी गुंडा बदमाशों एवं आदतन अपराधियों पर निरंतर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। श्री जैन ने अपील करते हुए कहा कि आगामी त्यौहार शांतिपूर्ण मनाए,सोशल मीडिया पर चर्चा करते हुए सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक व विवादित पोस्ट ना डाले, यदि कोई डालता है तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित पुलिस थाने व कार्यालय में दें, स्वयं कोई निर्णय न लें, संबंधित के विरुद्ध शीघ्र कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान आम जनता के सवाल के जवाब भी पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए। पुलिस और आप एक दूसरे का सहयोग करें पुलिस आपके साथ है। जन संवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक व उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने संपर्क नंबर भी साझा किये। कार्यक्रम में सीएसपी अमन मिश्रा, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर एवं जनप्रतिनिधि तथा नगर वासी उपस्थित रहे।







