
बिना अनुमति पानी देने से मना करने पर चार लोगों ने की मारपीट
छतरपुर। थाना गढ़ीमलहरा क्षेत्र के ग्राम खौंप में नगर पालिका छतरपुर के पानी प्लांट पर चौकीदारी करने वाले दो लोगों पर रात के समय चार लोगों ने हमला कर दिया जिससे दोनों चौकीदारों के सिर एवं शरीर में गंभीर चोटें आयी हैं। घायलों को उनके परिजन प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल लाए जहां उनका उपचार जारी है।जानकारी के अनुसार घायल पुष्पेन्द्र सिंह पिता प्रतिपाल सिंह 50 वर्ष ने बताया कि वह एवं उसका साथी गिरन सिंह परिहार पिता उत्तम सिंह 68 वर्ष छतरपुर नगर पालिका के पानी प्लांट पर प्राइवेट रूप से चौकीदारी का कार्य करते हैं। बीती रात दोनों पानी प्लांट पर सो रहे थे तभी महेन्द्र राय, अनिल राय सहित दो अन्य लोग आए और मोटर चलाने को लेकर विवाद करने लगे। जब उन्हें मना किया तो चारों ने मिलकर पुष्पेन्द्र एवं गिरन पर लाठियों से हमला कर दिया। आरोपी दोनों चौकीदारों को तब तक पीटते रहे जब तक दोनों बेहोश नहीं हो गए। इसके बाद चारों आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल लाए जहां उनका उपचार किया जा रहा है।








