
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने पुलिस समर कैंप के भाग लेने वाले बच्चों के साथ पुलिस लाइन परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधरोपण किया। श्री जैन ने हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिले के सभी पुलिस कार्यालयों, थाना एवं चौकी परिसरों में पौधरोपण के भी निर्देश दिए थे जिसका पालन पुलिसकर्मियों ने किया। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कैंप के प्रतिभागियों के साथ संपूर्ण परिसर में खाद एवं उर्वरक के साथ पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि जीवन में वृक्षों का बहुत अधिक महत्व है, वृक्षों के बिना पर्यावरण की वायु शुद्ध नहीं हो सकती। वृक्ष हमारे लिए ऑक्सीजन प्रदाता का कार्य करते हैं। इसके अतिरिक्त वृक्षों से हमें अनेक उपयोगी वस्तुएं, पदार्थ प्राप्त होते हैं। वृक्षों को लगाने से आसपास का वातावरण शुद्ध होता है और वातावरण में ऑक्सीजन की मात्रा में बढ़ोतरी होती है व वातावरण में ठंडक रहती है। समर कैंप में प्रतिभागियों द्वारा अपनी कलाकृति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को प्रदर्शित भी किया गया। इस कार्यक्रम में व्यवस्थापक रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूर्णिमा मिश्रा सहित सम्मिलित समर कैम्प के सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे।







