
स्कूल के खेल मैदान में बनवा रहे सार्वजनिक कुआं,भविष्य में हो सकते है हादसे
छतरपुर। छतरपुर जनपद अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत देरी के सरपंच-उपसरपंच की तानाशाही चरम पर है। वैसे तो ग्राम पंचायत देरी के सरपंच और उपसरपंच के कारनामों की लिस्ट लंबी है लेकिन ताजा मामला ऐसा है जिसमें बच्चों की जान दाव पर लग गई है। दरअसल सरपंच-उपसरपंच द्वारा पंचायत अंतर्गत आने वाली एक शाला के खेल मैदान में सार्वजनिक कुआं बनवाया जा रहा है, जिस कारण से भविष्य में हादसे की संभावना है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब शासकीय प्राथमिक शाला खीर-महेरी ग्राम पंचायत देरी के प्रधानाध्यापक सहित अन्य शिक्षकों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत से लिखित शिकायत कर इस कुआं निर्माण पर रोक लगाने की मांग की। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए गए शिकायती आवेदन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत देरी के सरपंच और उपसरपंच द्वारा तनाशाही दिखाते हुए विद्यालय के खेल मैदान में सार्वजनिक कुआं का निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण के बाद न केवल बच्चों का खेल मैदान खत्म हो जाएगा बल्कि स्कूल के पास कुआं होने से हादसे की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। दरअसल इस मैदान में स्कूली बच्चे फुटबॉल जैसे दौड़-भाग वाले खेल खेलते हैं लेकि मैदान के बीच कुआं बन जाने से खेलने के दौरान बच्चों के कुंए में गिरने की संभावना बढ़ जाएगी। सरपंच-उपसरपंच द्वारा खेल मैदान में बनवाए जा रहे कुंए पर न केवल विद्यालय प्रबंधन बल्कि ग्रामीणों ने भी आपत्ति जाहिर की है। ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल परिसर में कुंआ बन जाने से बच्चों की जान को खतरा बना रहेगा और उन्हें सदैव अपने बच्चों की चिंता बनी रहेगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी से शिकायत करते हुए मनमानी पूर्वक किए जा रहे इस कार्य को रोकने की मांग की है।








