
बड़ामलहरा। दो दिन पूर्व थाना क्षेत्र के ग्राम बमनकोला निवासी राजकुमार यादव से वसूली के लिए फायरिंग करते हुए एक बदमाश ने दहशत फैलाई थी। मामले की शिकायत होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर युवक को गिरफ्तार किया है। फायरिंग करने वाले युवक का नाम लकी राजा बताया गया है, जिसके विरुद्ध अवैध वसूली, जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। लकी राजा के पास से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा बरामद किया गया है। थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि लकी राजा के विरुद्ध मारपीट, जान से मारने की धमकी जैसे 4 अपराध पहले से पंजीबद्ध हैं। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल में दाखिल किया गया है।







