
गंभीर रूप से हुए घायल, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
छतरपुर। शहर की सीताराम कॉलोनी में स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर पुट्टी लगा रहे दो मजदूरों का संतुलन बिगड़ने के कारण वे जमीन पर आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों मजदूरों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक विश्वनाथ कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय जानकी अनुरागी और महेश कोरी घरों में पुट्टी लगाने का काम करते हैं। इन दिनों उक्त दोनों सीताराम कॉलोनी के रहने वाले देशांत पाठक के तीन मंजिला मकान में पुट्टी लगाने का काम कर रहे थे। गुरुवार की दोपहर तीसरी मंजिल पर पुट्टी लगाते वक्त दोनों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सीधे जमीन पर आ गिरे। ऊंचाई से गिरने के कारण जानकी के सिर और पैर में चोट आई है जबकि महेश की कमर और पैर में चोट है। गनीमत रही कि जिस स्थान पर दोनों गिरे वहां रेत पड़ी हुई थी अन्यथा अनहोनी भी हो सकती थी। फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।









