
जिले भर में अभियान चलाकर की जा रही कार्रावाई
छतरपुर। इन दिनों देश में दुनिया की सबसे प्रसिद्ध क्रिकेट प्रतियोगिता इंडियन प्रीमियर लीग यानि कि आईपीएल चल रहा है। वैसे तो यह लीग देश की खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने की मंशा से आयोजित किया जाता है लेकिन कुछ काले कारोबारियों ने इसे आमदानी का जरिया बना लिया है। दरअसल पूरे देश के साथ-साथ छतरपुर जिले में भी आईपीएल के मुकाबलों पर प्रतिदिन बड़े पैमाने पर सट्टा लगाया जा रहा है, जिसके विरुद्ध पुलिस विभाग सख्त बना हुआ है। आए दिन जिले के किसी न किसी थाना क्षेत्र से सटोरियों के पकड़े जाने की खबरें सामने आ रही हैं।इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि सट्टे का कारोबार किसी भी दृष्टिकोण से समाज और युवा पीढ़ी के लिए सही नहीं है, इसलिए उन्होंने जिले भर के थाना प्रभारियों को अभियान चलाकर सटोरियों पर सख्त कार्रावाई करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत लगातार कार्रावाई की जा रही है, जिससे स्पष्ट है जिले में बड़े पैमाने पर सट्टे का कारोबार चल रहा है। युवा पीढ़ी धन कमाने की लालच में इस ओर रुख कर रही है, जो कि काफी घातक है। उन्होंने बताया कि हाल ही में शहर के सटी कोतवाली थाना और सिविल लाइन थाना की पुलिस ने कई सटोरियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा नौगांव थान क्षेत्र में भी पिछले दिनों सट्टो का कारोबार संचालित करने वाले युवकों को पकड़ा गया है। एसपी श्री जैन के अनुसार पकड़े गए सटोरियों में ज्यादातर युवा शामिल हैं। उन्होंने आम नागरिकों और युवा वर्ग से अपील करते हुए है कि वे ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से खिलवाए जाने वाले सट्टे से दूर रहें क्योंकि यह एक ऐसा दलदल है जिसमें फंसने के बाद न सिर्फ आपको बल्कि आपके परिवार को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। एसपी ने बताया कि जिले में चल रहे सट्टा कारोबार के विरुद्ध पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।








