
भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका से भयभीत हैं ग्रामीण
हरपालपुर। झाँसी-मिर्जापुर हाइवे पर नगर में करीब 9 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण किया जा रहा है। यह बाईपास क्षेत्र के ग्राम गलान के समीप से गुजर रहा है, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने बाईपास पर अंडरब्रिज बनाने मांग उठाई है। दरअसल ग्रामीणों का मानना है कि अंडरब्रिज न होने की स्थिति में यहां हादसे होंगे, इसलिए अंडरब्रिज का होना आवश्यक है। ग्रामीणों ने अपनी मांग को लेकर कलेक्टर और क्षेत्रीय विधायक को आवेदन भी दिया है।
गलान के सरपंच अखिलेश यादव सहित ग्रामीण रामसिंह, विजय सिंह, मोहन यादव, अरविंद यादव आदि ने बताया कि गांव का स्कूल पहाड़ी पर स्थित है, जहां जाने के लिए गांव के स्कूली बच्चों को बाईपास रोड को पार करना होगा, ऐसे में कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। इसके अलावा गलान गांव का मार्ग ही लहदरा, चौका, मडोरी और रावतपुरा जाने के लिए एक मात्र मार्ग है, जिस कारण से बड़ी संख्या में ग्रामीण यहां से निकलते हैं, उनके साथ भी हादसे होंगे। इन सब बातों को ध्यान में रखकर ग्रामीणों ने महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह और कलेक्टर संदीप जी आर को आवेदन देकर अंडरब्रिज निर्माण कराने की मांग की है।
इनका कहना
गलान के ग्रामीणों द्वारा बाईपास के क्रॉसिंग स्थल पर अंडरब्रिज निर्माण कराने की मांग की गई हैं। इस संबंध में दिल्ली पत्र भेजा गया है, अनुमति मिलने के बाद अंडरब्रिज का निर्माण किया जाएगा।
वीरेंद्र पटैरिया, उपयंत्री, एनएच








