छतरपुर। अलीपुरा थाना क्षेत्र के फोरलेन पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई जिससे दोनों युवकों की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। रविवार की दोपहर में जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मृतक का पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम कराते हुए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार उप्र के महोबा जिले के बडख़ेरा गांव का मानवेंद्र पिता जगत सिंह उम्र 20 वर्ष और महाराजपुर क्षेत्र में डुमरा गांव का सचिन पिता हरदयाल पटेल उम्र 21 वर्ष, उप्र में झांसी के पास स्थित गरौठा गांव गए। वहां से शनिवार सुबह 6 बजे लौटने के दौरान अलीपुरा थाना क्षेत्र स्थित फोरलेन के डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में दोनों युवकों के सिर में चोट आने के कारण इलाज के लिए एम्बुलेंस से नौगांव अस्पताल में भर्ती किया गया। जहाँ इलाज के दौरान सचिन की मौत हो गई। वहीं मानवेंद्र की हालत गंभीर होने पर नौगांव के डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पर शाम 4 बजे इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। रविवार की दोपहर जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।मृतक के बड़े भाई लक्ष्मी प्रसाद राजपूत निवासी उप्र महोबा ग्राम बरखेड़ा ने बताया कि हमारा छोटा भाई मानवेन्द्र सिंह राजपूत और उसका दोस्त सचिन पटेल शुक्रवार की शाम बाइक से झांसी के पास स्थित गरौठा गांव रिश्तेदारी में गए थे जहां से वापसी लौटते समय उनकी सड़क हादसे में दोनों लोगों की मौत हो गई।








