
छतरपुर। नगर के वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व विधायक एवं मंत्री जंगबहादुर सिंह की पुण्यतिथि पर सोमवार की शाम को एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता मधुसूदन पित्रे ने की। श्री पित्रे ने स्वर्गीय जंगबहादुर सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके पुत्र अवनीश प्रताप सिंह द्वारा पिता की स्मृति में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। वहीं महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के हिंदी के प्रोफेसर एवं साहित्यकार डॉ बहादुर सिंह परमार ने उनकी ईमानदारी, कर्तव्यों की प्रति जागरूकता तथा बुंदेलखंड के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को दमयंती पाणी, लालचंद लालवानी, हरेंद्र सिंह चंदेल, नूतन सोनी सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। आभार सत्येंद्र सिंह ने व्यक्त किया।








