
55 बदमाश जिला बदर, 182 हथियार लाईसेंस निरस्त”””””’चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने प्रशासन ने कमर कसी
छतरपुर। छतरपुर जिले के अंतर्गत तीन लोकसभा क्षेत्रों के मतदाता 26 अप्रैल को मतदान कर देश की केन्द्र सरकार को बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। यह चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी हों इसके लिए प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है। जिले में शांतिपूर्ण मतदान के लिए स्थानीय पुलिस बल के अलावा सीआरपीएफ जैसी सशस्त्र बलों की 11 कंपनियां छतरपुर में पहुंच चुकी हैं। लगभग साढ़े तीन हजार से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान 26 अप्रैल को 1589 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराएंगे। जिले में कुल 355 संवेदनशील और 48 मतदान केन्द्र अतिसंवेदनशील श्रेणी में आते हैं इसलिए इनकी सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर संदीप जीआर, पुलिस अधीक्षक अगम जैन के द्वारा जिले के सेक्टर अधिकारियों की बैठक सोमवार को ली गई। इस बैठक के माध्यम से फाइनल तैयारियां की समीक्षा की गई। अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु चलाए जा रहे स्वीप कार्यक्रमों की समीक्षा के बाद कलेक्टर ने शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी बैठक ली। इस मौके पर बताया गया कि अब तक चुनाव की दृष्टि से 55 बदमाशों को जिला बदर कर दिया गया है जबकि लगभग 30 बदमाशों पर जिला बदर का प्रकरण लंबित है। शस्त्रों का दुरूपयोग करने वाले 182 लोगों के शस्त्र निरस्त कर दिए गए हैं क्योंकि इनके द्वारा लाईसेंसी शस्त्रों से अपराध किए गए थे। चुनाव के पहले जिले के सभी शस्त्रधारियों के शस्त्रों को थानों में जमा करा लिया गया है। जिले में 18 एसएसटी और एफएसटी टीमें निरंतर विभिन्न मार्गों पर सघन चैकिंग अभियान चला रही हैं जिससे अब तक 38 लाख रूपए का कैस जब्त किया गया, इसकी जांच की जा रही है। एएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि कलेक्टर, डीआईजी और एसपी के मार्गदर्शन में जिले के भीतर शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।








