
बड़ामलहरा। बगाज माता के दर्शन कर परिवार समेत घर वापस जा रहे चार सदस्यों में से साठिया घाटी के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से तीन की दर्दनाक मौत हो गई जबकि पत्नी घायल बताई गई है। जानकारी के मुताबिक दमोह जिले के रजपुरा पुलिस थाना इलाकाई नारायणपुरा गांव निवासी 34 वर्षीय दशरथ अहिरवार सागर जिले में स्थित बगाज माता के दर्शन करने परिवार सहित गया हुआ था। वहां से वापिस लौटते वक्त साठिया घाटी के नजदीक बड़ामलहरा पुलिस थाना इलाके में स्थित सिद्धबाबा मंदिर के नजदीक छतरपुर की ओर से सागर की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक डीएन 01,एमबी 1099 ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी जिससे पूरा परिवार सड़क हादसे में हताहत हो गया। टक्कर में बाइक चालक दशरथ अहिरवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि उसके 7 वर्षीय पुत्र आयुष अहिरवार एवं 5 वर्षीय पुत्री अंशिका अहिरवार की सिविल अस्पताल में मौत हो गई। हादसे में दशरथ अहिरवार की 32 वर्षीय पत्नी दिव्या अहिरवार घायल हो गई जिसका सिविल अस्पताल बड़ामलहरा में इलाज चल रहा है। घटना शनिवार अपरान्ह कोई पौने चार बजे की बताई गई है। नारायणपुरा गांव के निवासी कलू अहिरवार की सूचना पर बड़ामलहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक को जप्त कर लिया है जबकि घटना के बाद से ट्रक का ड्राइवर और क्लीनर फरार हैं।







