
चंदला और छतरपुर में पढ़े कुलदीप का यूपीएससी में चयन ””’छतरपुर के प्रज्जवल चौरसिया भी हुए चयनित
छतरपुर। मंगलवार को केन्द्रीय लोक सेवा आयोग यानि यूपीएसी 2023 की परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए। इन परिणामों में मप्र के 27 विद्यार्थी चयनित हुए हैं। छतरपुर जिले से भी दो प्रतिभागियों का चयन प्रशासनिक सेवा के लिए किया गया है। इनमें दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र गौरिहार से सटे ग्राम राजौरा के एक किसान परिवार का बेटा कुलदीप पटेल और छतरपुर के पैराडाइस कॉलोनी में रहने वाले एनएमडीसी के सेवानिवृत्त अधिकारी के बेटे प्रज्जवल चौरसिया का चयन हुआ है। कुलदीप पटेल ने जहां 181वीं रैंक प्राप्त की है तो वहीं प्रज्जवल चौरसिया ने 694वीं रैंक हासिल की है। जानकारी के मुताबिक कुलदीप पटेल के पिता मूलत: किसान हैं। कुलदीप ने अपनी कक्षा 8वीं तक की शिक्षा इंग्लिश मीडियम से चंदला के ही इंडियन पब्लिक स्कूल में प्राप्त की। इसके बाद 9वीं से 12वीं तक की शिक्षा छतरपुर के मरिया माता कान्वेंट स्कूल में प्राप्त की। तदोपरांत वे दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से दर्शन और राजनीति शास्त्र में स्नातक हुए। स्नातक करते हुए ही दिल्ली में उन्होंने यूपीएससी की तैयारी के लिए कोचिंग की। सितम्बर में मुख्य परीक्षा देने के बाद जनवरी में उनका मौखिक इम्तिहान हुआ था जिसमें उनका चयन 181वीं रैंक पर हुआ है। कुलदीप पटेल को पढ़ाने में उनके ताऊ राजेन्द्र पटेल का योगदान रहा जो कि पेशे से शिक्षक हैं। वहीं प्रज्जवल चौरसिया एनएमडीसी के सेवानिवृत्त अधिकारी प्रभुदयाल चौरसिया के पुत्र हैं जो कि शहर की पैराडाइस कॉलोनी में निवासरत हैं। प्रज्जवल पिछले साल भी यूपीएससी में चयनित हुए थे और वे भारतीय रक्षा सेवा में कार्यरत हैं।








