
छतरपुर। शहर के गायत्री मंदिर के समीप स्थित संस्कार वाटिका में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में गुरूवार को ठाकुर जी को छप्पन भोग का महाप्रसाद लगाया गया। इससे पहले कथा व्यास श्रीधाम वृंदावन से पधारे धनवंतरीदास महाराज ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का यशगान किया। वहीं शुक्रवार को कथा व्यास ने ठाकुर जी और रुक्मणि विवाह का प्रसंग सुनाया। शुक्रवार की शाम को शहर के जाने-माने गायक खनिज देव चौहान की भजन संध्या भी हुई। आयोजक जीतेंद्र रिछारिया ने बताया कि आज शनिवार को कथा के उपरांत कवि सम्मेलन होगा, जबकि कल रविवार को विशाल भंडारे और भजन संध्या के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का रसपान करें।








