
छतरपुर। श्रीराम सेवा समिति द्वारा श्री राम जन्मोत्सव रामनवमी के अवसर पर 17 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा निकालने के लिए तैयारियों को लेकर शहर के पार्षदों के साथ श्री लड्डू गोपाल मंदिर में दिनांक 07/04/2024 को शाम साढ़े 7 बजे आयोजित एक आवश्यक बैठक में गंभीर विचार मंथन किया गया। बैठक में तय किया गया कि रामनवमी पर हर घर में भगवा ध्वज फहराएगा तथा घी के दीपक जलेंगे। समिति के मीडिया प्रभारी एडवोकेट अभिलेख खरे ने बताया कि उमेश सैनी, संयोजक राकेश तिवारी, कार्यक्रम संयोजक पंकज पहारिया की उपस्थिति में हुई बैठक में कार्यक्रम संयोजक पंकज पहारिया ने कहा कि प्रत्येक पार्षद अपने वार्ड में नए युवाओं को शोभा यात्रा में जोडऩे का कार्य करे एवं वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों के साथ प्रतिदिन रामधुन के साथ वार्ड का भ्रमण करें। जिससे आने वाले समय में उनको भी प्रेरणास्रोत प्रभु श्रीराम के कार्यक्रम की तैयारी में जोड़ा जा सके। साथ ही प्रत्येक घर में भगवा ध्वज लगाया जाए व 17 अप्रैल को हर घर में दीपक भी जलाया जाए। इस दौरान पार्षद सुरेंद्र साहू ने वार्ड के व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर अधिक से अधिक प्रचार प्रचार करने का सुझाव दिया। पार्षद धीरज गुप्ता ने नगर पालिका परिषद के समस्त पार्षदों के द्वारा छत्रसाल चौराहे से आकाशवाणी तिराहा तक प्रभुश्री राम के रथ को खींचने का प्रस्ताव रखा जिसे समिति ने स्वीकार किया। बैठक को संबोधित करते हुए उमेश सैनी ने कहा कि प्रत्येक वार्ड को उनके द्वारा की जाने वाली सजावट के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके लिए सुरेंद्र चौरसिया पप्पू एवं वीकेंद्र बाजपेई प्रत्येक वार्ड की सजावट देखकर पुरस्कारों का एलान करेंगे। कार्यक्रम में स्थाई संयोजक राकेश तिवारी ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में जो भी श्रद्धालु प्रतिदिन निकलने वाली प्रभात फेरी का स्वागत देना चाहता है वह पूर्व से प्रभात फेरी के प्रमुख सुरेंद्र साहू को सूचना दे सकता है। बैठक में सुरेंद्र चौरसिया पप्पू, वीकेंद्र बाजपेई, राजेंद्र शर्मा, रामस्वरूप अनुरागी, कालीचरण सेन, नरेंद्र सिंह यादव, शिव सिंह यादव, डॉ जयराम दुबे, धीरज गुप्ता, दिनेश तिवारी, अरविंद वर्मा, अजय कबीर, नारायण सिंह घोष, दीपेंद्र असाटी, सुनील वर्मा, सुरेंद्र साहू, राजू पटवा, शिवकुमार ताम्रकार, महेश तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।







