
प्रदर्शन करने पहुंचे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़प ””आप प्रदेश सचिव सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार
छतरपुर। बीती रात आम आदमी पार्टी के प्रमुख एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद से पूरे देश के आप कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैला हुआ है। आप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ईडी ने सत्ता पक्ष के दबाव में आकर अनैतिक तरीके से अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है। इसी नाराजगी के चलते शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर आप के प्रदेश सचिव अमित भटनाकर के नेतृत्व में सैकड़ा कार्यकर्ता प्रदर्शन करने के लिए छत्रसाल चौराहे पर एकत्रित हुए। पुलिस को जैसे ही इस हंगामे की खबर मिली वैसे ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई और बाद में पुलिस ने आप के प्रदेश सचिव अमित भटनागर सहित कई प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। आप के टीकमगढ़ लोकसभा प्रभारी दिलीप शर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की अनैतिक गिरफ्तरी इंडिया गठबंधन व आम आदमी पार्टी की केजरीवाल सरकार के जनहितैषी कार्यों के कारण मिली आपार सफलता से मोदी सरकार के डर का प्रतीक है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के दबाब मे ईडी द्वारा बिना किसी सबूत के गिरफ्तारी की है, इस तरह से किसी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी निश्चित रूप से लोकतंत्र की हत्या है।







