
बापू महाविद्यालय को मिला पीजी कॉलेज का दर्जा
नौगांव। नगर का बापू महाविद्यालय को क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह और जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष हरगोविंद गुप्ता के प्रयासों के चलते पीजी कॉलेज का दर्जा मिल गया है, जिसके लिए विद्यार्थी वर्ग सहित क्षेत्र की जनता ने उनका आभार जताया है। बापू महाविद्यालय के प्राचार्य एचडी अहिरवार ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन ने शुक्रवार को आदेश जारी करते हुए बापू महाविद्यालय को पीजी कॉलेज का दर्जा दिया है।प्राचार्य एचडी अहिरवार के मुताबिक मध्य प्रदेश में 52 जिलों में तहसील स्तर पर यह ऐसा पहला कॉलेज है जिसे पीजी कॉलेज का दर्जा मिला है। उन्होंने बताया कि सरकार ने आउटसोर्स से लगभग 70 कर्मचारियों को भर्ती करने के निर्देश भी कॉलेज प्रबंधन को दिए हैं। उल्लेखनीय है कि अभी तक बापू महाविद्यालय में आर्ट, साइंस और कॉमर्स की कक्षाएं संचालित हो रहीं थीं, जिसके चलते क्षेत्र के विद्यार्थियों को निजी कॉलेजों में पढ़ाई करनी पड़ती थी। अब शासन से मिले आदेशानुसार इसी सत्र से भूगोल शास्त्र, कंप्यूटर साइंस, संगीत, बायोटेक्नोलॉजी आदि की कक्षाएं भी संचालित होंगी। माई 2024 से प्रवेश प्रक्रिया शुरु की जाएगी। इसके अलावा बापू महाविद्यालय को पीजी कॉलेज की मान्यता मिलने से 8 करोड़ 34 लाख रुपए भी कॉलेज प्रबंधन को प्राप्त हुए हैं। नगर के लिए यह भी एक बड़ी सौगात है कि पीएम श्री एक्सीलेस कॉलेज का दर्जा भी अब इस महाविद्यालय के पास है, जिसमें गल्र्स एवं बॉयस हॉस्टल सहित अन्य सुविधाएं होंगी। ग्रामीण क्षेत्रों से इस महाविद्यालय में आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए कॉलेज प्रबंधन इसी सत्र से दो नई बसों का अनुबंध करने जा रहा है।आउटसोर्स से भर्ती किए जाएंगे 70 कर्मचारीमहाविद्यालय के प्राचार्य एचडी अहिरवार ने बताया चूंकि इसी सत्र से नई कक्षाएं संचालित होना है इसलिए महाविद्यालय को स्टाफ की आवश्यकता होगी। इसीको देखते हुए शासन ने लगभग 70 कर्मचारियों को आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती करने का आदेश दिया है, जिसके मुताबिक कंप्यूटर ऑपरेटर, प्रोफेसर सहित अन्य कर्मचारी भर्ती किए जाएंगे।








