
चयनित बच्चों को पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित
छतरपुर। पुलिस परिवारों के बच्चों को प्रतियोगिती परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण और आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने की मंशा से पुलिस लाइन में संचालित दिशा लर्निंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे तीन बच्चों का विभिन्न विभागों में शासकीय सेवाओं के लिए चयन हुआ है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अमित सांघी और एएसपी विक्रम सिंह ने लर्निंग सेंटर पहुंचकर चयनित बच्चों को मोटिवेशनल बुक और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया तथा शुभकामनाएं दीं।प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिन तीन बच्चों का चयन हुआ है उनमें कविता अहिरवार, अग्रज दीक्षित और ऋचा रावत शामिल हैं। कविता का चयन दिल्ली पुलिस में हुआ है जबकि अग्रज का चयन असिस्टेंट ग्रेड-3 और ऋचा रावत का चयन पटवारी के लिए किया गया है। तीनों बच्चे दिशा लर्निंग सेंटर में नियमित अध्ययन करते हुए परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और उनकी मेहनत के कारण उन्हें यह सफलता मिली है। चयनित बच्चों ने बताया कि तैयारी में उन्हें दिशा लर्निंग सेंटर से बहुत मदद मिली। उल्लेखनीय है कि पुलिस लाइन में संचालित दिशा लर्निंग सेंटर में पुलिस परिवारों के बच्चों को अध्ययन के लिए शिक्षण सामग्री, किताबें और अनुकूल वातावरण पुलिस अधीक्षक की पहल पर उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान एसपी ने लर्निंग में सेंटर में अध्ययन के लिए आने वाले बच्चों को चयनित बच्चों से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। एसपी श्री सांघी ने कहा कि जल्द ही एक और लर्निंग सेंटर की स्थापना भी कराई जाएगी।








