
महाराजपुर। सोमवार को मकर संक्रांति के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने नगर में लगने वाले ऐतिहासिक संक्रांति मेले का शुभारंभ किया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशिकांत अग्निहोत्री, नगर पालिका अध्यक्ष सपना खटीक, नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रेमबाई चौरसिया, मंडल अध्यक्ष राजकुमार दयाराम चौरसिया, नगर पालिका सीएमओ विवेक नारायण मिश्रा और उपयंत्री महेश असाटी सहित नगर के पाषर्द मौजूद रहे।
कुम्हेड नदी के तट पर मौजूद हनुमान मंदिर में नगर पालिका महाराजपुर के तत्वाधान में आयोजित किए जा रहे मेले का पंडित दीपू भार्गव ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए मेले का शुभारंभ कराया। उल्लेखनीय है कि कई दशकों से इस 15 दिवसीय मेले का नगर में आयोजन होते आ रहा है। इस मले में छतरपुर जिले के अलावा आसपास के अन्य राज्यों एवं जिलों के दुकानदार पहुंचते हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए तरह-तरह के झूले एवं अन्य प्रसाधन सजाए गए हैं। मेले के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्रीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। निकाय प्रशासन ने मेले के दुकानदारों से अपील की है कि उन्हें किसी भी तरह की समस्या होने पर वे सीधे नगर पालिका तक सूचना पहुंचाएं, उनकी प्रत्येक समस्या का समाधान किया जाएगा।








