
17, 18 एवं 19 जनवरी को होगा आयोजन
छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखण्ड यूनिवर्सिटी, छतरपुर में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आगामी 17,18 एवं 19 जनवरी 24 को संभाग स्तरीय युवा उत्सव का गरिमामयी आयोजन होगा। इस आयोजन में संभाग के पांच जिलों के दल सहभागिता करेंगे।मीडिया प्रभारी डा सुमति प्रकाश जैन के अनुसार संभागीय युवा उत्सव में साहित्यिक, सांस्कृतिक, सांगीतिक एवं रूपांकन संबंधी 22 विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।इस संभागीय युवा उत्सव में छतरपुर, पन्ना, सागर, दमोह तथा टीकमगढ़ – निवाड़ी(संयुक्त) जिले की टीमें भाग लेंगी। इस बड़े आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार 5 जनवरी 24 को सरस्वती हाल में आयोजन से जुड़ी सभी समितियों की एक बैठक कुलपति प्रो शुभा तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रति कुलपति डा डीपी शुक्ला , डीएसडब्ल्यू डा आरके पांडे, डीसीडीसी डा ओपी अरजरिया,युवा उत्सव प्रभारी डॉ ममता बाजपेई सहित विश्वविद्यालय के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे।बैठक के प्रारंभ में युवा उत्सव प्रभारी डॉ ममता बाजपेई ने आयोजन की रूपरेखा, सभी समितियों के दायित्व तथा इंतज़ामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बनाई गई सभी आयोजन समितियों से अपना काम बखूबी करने का आव्हान किया। कुलपति प्रो शुभा तिवारी ने इस आयोजन को गरिमामयी और भव्यता के साथ आयोजित करने में प्रत्येक सदस्य से अपना काम पूरी सक्रियता और लगन के साथ करने की बात कही।आपने कहा कि संभाग स्तरीय युवा उत्सव यादगार और शानदार बन सके, ऐसी तैयारी की जा रही है। बैठक का संचालन सहायक प्राध्यापक श्रीमती निकिता यादव ने किया। अंत में डीएसडब्ल्यू डा आरके पांडे ने सभी का आभार माना।








