महाराजपुर। नगर पालिका परिषद महाराजपुर के वार्ड क्रमांक 11 खटीक मुहाल में बीते आठ दिनों से जारी जलसंकट के बीच पानी भरने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को अपनी जान पर खेलना पड़ गया। नल पर पानी भरने गए जीतू खटीक नामक युवक के साथ दो युवकों ने बेरहमी से मारपीट कर दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना नगर पालिका अध्यक्ष के निवास के ठीक सामने की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड 11 खटीक मुहाल में पिछले आठ दिनों से पानी की आपूर्ति ठप थी। आठ दिन बाद जब नलों में पानी आया, तो क्षेत्रवासी पानी भरने के लिए एकत्र होने लगे। इसी दौरान जीतू खटीक पानी भरने नल पर गया था। वहां मौजूद छोटू खटीक और शिवम खटीक ने किसी बात को लेकर जीतू के साथ कहासुनी के बाद लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में जीतू खटीक का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले आरोपी छोटू खटीक और शिवम खटीक नगर पालिका अध्यक्ष सपना महादेव खटीक के भतीजे हैं। यह पूरा घटनाक्रम नगर पालिका अध्यक्ष के घर के ठीक सामने घटित हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद घायल युवक को उपचार के लिए भेजा गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। फिलहाल पुलिस थाने में पीडि़तों की शिकायत पर वैधानिक कार्रवाई जारी है। आठ दिन बाद पानी मिलने और उस पर भी इस तरह की हिंसा से स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।









