Home डेली न्यूज़ बरसात में कच्ची सड़क बनी ग्रामीणों की परेशानी, पक्की सड़क की मांग...

बरसात में कच्ची सड़क बनी ग्रामीणों की परेशानी, पक्की सड़क की मांग लेकर जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीण

Jeevan Ayurveda


छतरपुर। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में नौगांव जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सहानिया के ग्राम सूड़ा के ग्रामीणों ने पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की आबादी 500 से अधिक है, लेकिन लंबे समय से गांव को मुख्य मार्ग से जोडऩे वाली पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है।
ग्रामीण राकेश रैकवार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सूड़ा, ग्राम सहानिया से करीब 3 किलोमीटर और माधौपुर से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। गांव तक पहुंचने वाला मार्ग कच्चा होने के कारण ग्रामीणों को सामान्य दिनों में भी आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दौरान कच्चे रास्ते पर कीचड़ और जलभराव हो जाता है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का गांव तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कई बार ग्रामीणों को अपने वाहन गांव से बाहर ही खड़े करने पड़ते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की समस्या का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। खराब रास्ते के कारण विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों के लिए गांव से बाहर जाने में भी दिक्कत होती है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि सहानिया अथवा माधौपुर से सूड़ा गांव तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके और गांव के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here