छतरपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में होलिका पार्क के पास सब्जी खरीदते समय एक महिला के थैले से अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक लाख रुपये चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला को जब रुपये गायब होने की जानकारी लगी तो वह सड़क किनारे जमीन पर बैठकर फूट-फूटकर रोने लगी।
जानकारी के अनुसार कुसमा के वार्ड नंबर 12 निवासी रामदेवी प्रजापति सुबह करीब 11 बजे अपने भतीजे संतोष प्रजापति के साथ बैंक से एक लाख रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान होलिका पार्क के पास सब्जी के ठेले पर दोनों सब्जी खरीदने के लिए रुके। महिला के अनुसार, इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके थैले में रखे एक लाख रुपये चोरी कर लिए। कुछ देर बाद जब उन्होंने थैला देखा तो रुपये गायब मिले। पैसे चोरी होने की जानकारी मिलते ही महिला सदमे में आ गईं और वहीं जमीन पर बैठकर रोने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना में शामिल संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









