Home डेली न्यूज़ असाढ़ मेले में भक्ति, सेवा और संस्कार का संगम

असाढ़ मेले में भक्ति, सेवा और संस्कार का संगम

Jeevan Ayurveda


महाराजपुर। असाढ़ माह के पावन अवसर पर महाराजपुर स्थित श्री श्री 1008 हटीला सरकार हनुमान मंदिर में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन किए और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में सुंदरकांड पाठ से हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम एवं संकटमोचन हनुमान जी का गुणगान करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद विशाल कन्याभोज एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें महाराजपुर नगर सहित विभिन्न विद्यालयों की करीब 4 हजार से अधिक छात्राओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन के दौरान चौरसिया समाज महिला समिति ने छात्राओं को पेन एवं कॉपी वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं नगर की महिलाओं ने भारतीय संस्कृति और परंपरा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कन्याओं के चरण धोए, माहुर लगाकर उनका श्रृंगार किया और सम्मानपूर्वक भोजन कराया। इस भावपूर्ण आयोजन ने नारी सम्मान, सेवा और संस्कार की अनूठी मिसाल पेश की।
मंदिर परिसर में स्थापित बाहुबली हनुमान जी, मां संकटा माता, भगवान विष्णु, राधा-कृष्ण तथा माता सीता-रामलला के मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि महाबली हनुमान के दरबार में सच्ची श्रद्धा से आने वाले प्रत्येक भक्त की मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। मंदिर समिति ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रत्येक सप्ताह धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना रहता है और लोगों की आस्था लगातार मजबूत हो रही है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here