Home डेली न्यूज़ भोपाल-खजुराहो एवं दमोह-खजुराहो रेल लाइन में बिजावर-जटाशंकर धाम को जोडऩे की मांग

भोपाल-खजुराहो एवं दमोह-खजुराहो रेल लाइन में बिजावर-जटाशंकर धाम को जोडऩे की मांग

Jeevan Ayurveda

छतरपुर। बुंदेलखंड अंचल के सर्वांगीण विकास और धार्मिक-पर्यटन स्थलों को मुख्यधारा के रेल नेटवर्क से जोडऩे के लिए बिजावर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश शुक्ला बबलू ने मध्य प्रदेश विधानसभा में एक महत्वपूर्ण अशासकीय संकल्प प्रस्तुत किया है। विधानसभा के प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली के नियम 117 के तहत प्रस्तुत इस संकल्प (ऑनलाइन क्रमांक 136) के माध्यम से विधायक शुक्ला ने राज्य शासन व सदन के जरिए केंद्र सरकार (रेल मंत्रालय) से पुरजोर मांग की है कि प्रस्तावित भोपाल-सागर-छतरपुर-खजुराहो एवं दमोह-हटा-खजुराहो रेल मार्ग सर्वे में ऐतिहासिक नगर बिजावर एवं सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री जटाशंकर धाम को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए तथा यहाँ रेलवे लाइन व स्टेशन की स्वीकृति प्रदान की जाए। विधान सभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा द्वारा जारी इस पत्रक के बाद अब 24 जुलाई को सदन में इस संकल्प पर चर्चा होगी। सदन से संकल्प पारित होने के उपरांत राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय को बिजावर एवं जटाशंकर धाम में नए रेल मार्ग एवं स्टेशन की स्वीकृति हेतु आधिकारिक सिफारिश भेजी जाएगी।
संकल्प पत्र में विधायक श्री शुक्ला ने उल्लेख किया है कि यह क्षेत्र वन संपदा, प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन स्थलों और धार्मिक तीर्थों से समृद्ध होने के बावजूद विकास की दौड़ में अपेक्षाकृत पिछड़ा रहा है। अतीत में यह क्षेत्र दस्यु समस्या से भी प्रभावित रहा है। ऐसे में बिजावर जैसे प्राचीन ऐतिहासिक नगर और श्री जटाशंकर धाम को रेल लाइन से जोडऩा क्षेत्र के कायाकल्प के लिए अत्यंत आवश्यक है। श्री जटाशंकर धाम क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहाँ अमावस्या, पर्वों और त्योहारों पर मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। वर्तमान में सीधी रेल कनेक्टिविटी न होने से श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बिजावर/जटाशंकर धाम में रेलवे स्टेशन बनने से आम यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सस्ता परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here