छतरपुर। गढ़ी मलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह के विरोध में मंगलवार को क्षेत्र के लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टीआई पर वसूली करने, अपराधियों को संरक्षण देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रदर्शनकारी सबसे पहले गढ़ी मलहरा स्थित अटल सभागार में एकत्रित हुए, जहां बैठक के बाद सभी लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने नगर सीएसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में टीआई रीता सिंह के कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कराने, लगाए गए आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि आवेदन में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









