नौगांव। जनपद के ग्राम लुगासी में मध्य प्रदेश शासन द्वारा बनाई गई गौशाला के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार और वर्तमान में यहां अव्यवस्था फैले होने का मामला सामने आया है। दो वर्ष पहले लाखों रुपये खर्च कर निर्मित गौशाला की स्थिति इन दिनों बदहाल है और गौवंश की देखभाल में भारी लापरवाही बरती जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक लगभग 35 लाख रुपये की लागत से बनी इस गौशाला के निर्माण में ग्राम पंचायत और इंजीनियरों की मिलीभगत से भारी भ्रष्टाचार किया गया, जिसके चलते मात्र दो वर्षों में ही यहां का टीन शेड जंग खाकर गिरने लगा है और दीवारों में भी दरारें आ गईं हैं। गौशाला में करीब 125 नग गौवंश हैं, जिनके लिए भूसे की पर्याप्त व्यवस्था होने के बावजूद पर्याप्त भोजन नहीं दिया जाता। यही कारण है कि गत एक माह में यहां से 10 से 15 गायों की मौत हो चुकी है। यहां रहने वाला गौवंश कीचड़ में खड़े रहने को मजबूर हैं और बीमार पड़ रहा है। यह गौशाला, गांव से दो किलोमीटर दूर है लेकिन यहां तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता नहीं है। जनपद सीईओ नौगांव प्रभास कुमार ने निर्माण कार्य और अव्यवस्था की जांच का आश्वासन दिया है।









