बड़ामलहरा। वर्षों से उपेक्षित सेंधपा बांध परियोजना अंतर्गत नहरों के जीर्णोद्धार के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 459.6 लाख रुपये की राशि मंजूर कर दी है। यह राशि आरआरआर मद अंतर्गत स्वीकृत की गई है। मुख्य अभियंता युवराज वारके (धसान-केन कछार सागर) ने इस आशय की जानकारी जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री को पत्र के माध्यम से दी।उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री के छतरपुर आगमन पर जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री ने सेंधपा परियोजना की नहरों के सीमेंटीकरण और सुधार के लिए औपचारिक आवेदन सौंपा था। वर्षों पूर्व बनी इन नहरों की हालत अब इतनी खराब हो चुकी थी कि इलाके के 14 गांवों के किसान सिंचाई के पानी से वंचित थे।अब पुनर्निर्माण के बाद पानी की बर्बादी रुकेगी और नहरों से खेतों तक जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। विदित हो कि यह परियोजना वर्ष 1973-74 में तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री दशरथ जैन के प्रयासों से प्रारंभ हुई थी, लेकिन समय के साथ नहरें जर्जर हो गई थीं।मुख्यमंत्री द्वारा त्वरित निर्णय लिए जाने से किसानों में खुशी की लहर है। उन्होंने सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे ‘कृषि जीवन रेखाÓ के रूप में देखा है।









