
छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड पर बुंदेलखंड सिटी के पास रहने वाली महिला पर पिछले दिनों तलवार से हमला किया गया था। इस हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं, और उनका इलाज अभी भी जारी है। वहीं पुलिस ने इस मामले के दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
प्राप्त जानकारी मुतबिक 1 जून 2025 को सुबह करीब 9:30 बजे ममता सिंह अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं, तभी उन पर तलवार से हमला किया गया। हमलावरों ने ममता के चेहरे, पीठ और सीने पर वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि इस मामले में सिटी कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों, कमला सिंह और सौरभ सिंह, को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीएसपी ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।








