
छतरपुर। कोतवाली पुलिस ने चक्षु अभियान के तहत सीसीटीवी फुटेज की मदद से 24 घंटे के भीतर अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरोह ने नगर की दो दुकानों-एक आभूषण और दूसरी बैग पर्स की दुकान में चोरी की थी। पुलिस ने सोने के आभूषण, नकदी, पर्स और ऑटो वाहन सहित करीब 3 लाख रुपये का माल बरामद किया।
दो दिन पहले कोतवाली क्षेत्र में उपभोक्ता भंडार के पास आभूषण की दुकान और गांधी चौक से हटवारा के बीच बैग पर्स की दुकान में चोरी की घटनाएं हुई थीं। कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत चोरी के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए। दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और चक्षु अभियान के तहत स्थापित कैमरों से पुलिस को फुटेज मिले, जिसके आधार पर चोर गिरोह की पहचान हुई। पुलिस ने चौराहों और मार्गों के फुटेज खंगालकर बमीठा की ओर जाने वाले एक ऑटो को ट्रेस किया। सरानी फोरलेन ओवरब्रिज पर सतना रजिस्टर्ड बजाज ऑटो को रोककर चार महिलाओं पानवती केवट, मीना देवी केवट, ज्ञानमती निषाद, और ऑटो चालक अनुराग गुप्ता सहित दो नाबालिग किशोरियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में चोरी का माल, जिसमें सोने की बालियां, पर्स, 13,900 रुपये नकद और ऑटो वाहन शामिल था, बरामद हुआ। आरोपियों को न्यायालय और किशोरियों को बाल न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्यवाही में नगर पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा, थाना प्रभारी अरविंद सिंह दांगी, बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय सहित अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका रही।








