Home छतरपुर भारतीय महिला क्रिकेट में छतरपुर की क्रांति…!

भारतीय महिला क्रिकेट में छतरपुर की क्रांति…!

Jeevan Ayurveda

छतरपुर। छतरपुर जिले के घुवारा कस्बे की उभरती क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। 21 वर्षीय ऑलराउंडर क्रांति, जिन्होंने हाल ही में वीमन्स प्रीमियर लीग 2025 में यूपी वॉरियर्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था, को बीसीसीआई ने श्रीलंका दौरे के लिए चुना है। सोमवार रात बीसीसीआई से चयन की सूचना मिलने के बाद क्रांति छतरपुर से भोपाल और फिर मुंबई के रास्ते श्रीलंका के लिए रवाना हो गईं। उनके इस चयन से जिले में खुशी की लहर है। उनके कोच, परिवार और समर्थक उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि छतरपुर जिले के छोटे से कस्बे घुवारा की रहने वाली क्रांति गौड़ ने 14 साल की उम्र से क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाना शुरू किया था। क्रिकेट के प्रति उनका जुनून ऐसा था कि वे परीक्षा के दिनों में भी डांट की परवाह किए बिना टेनिस बॉल क्रिकेट खेलती थीं। उनकी प्रतिभा पर सबसे पहले जिला छतरपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय चौरसिया और सचिव व सागर डिवीजन के कोच राजीव बिलथरे की नजर पड़ी। कोच राजीव बिलथरे ने बताया कि क्रांति शुरुआत से ही तेज और फुर्तीली थी। मैंने उनके पिता से कहा कि वे क्रांति को छतरपुर में मेरे पास छोड़ दें। मैंने वादा किया कि मैं उनकी बेटी को एक अच्छा खिलाड़ी बनाऊँगा। तब उनके पिता ने कहा था कि हम अपनी बेटी आपको सौंप रहे हैं, इसका भविष्य आपको बनाना है। आज क्रांति की मेहनत और प्रतिभा ने उन्हें भारतीय टीम तक पहुँचाया है, जो हम सभी के लिए गौरव का पल है। क्रांति छह भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उनके परिवार, खासकर बड़े भाई मयंक सिंह, ने सामाजिक रूढिय़ों को नजरअंदाज कर उनका पूरा साथ दिया।ऐसा रहा क्रांति का सफरक्रांति ने 2017 में पहली बार लेदर बॉल क्रिकेट खेला और उसी मैच में प्लेयर ऑफ द मैच बनीं। इसके बाद उन्होंने सागर डिवीजन की अंडर-16 टीम की कप्तानी की और 2018-19 में फाइनल तक पहुँचाया। इसी साल डब्ल्यूपीएल में यूपी वॉरियर्स ने उन्हें 10 लाख रुपये में खरीदा, जहाँ उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 4/25 के शानदार प्रदर्शन सहित 6 मैचों में 5 विकेट लिए। सीनियर वीमन्स वन-डे ट्रॉफी में भी उन्होंने मध्यप्रदेश के लिए 9 मैचों में 15 विकेट लिए, जिसमें फाइनल में बंगाल के खिलाफ 4 विकेट शामिल थे। सोमवार रात बीसीसीआई कार्यालय से फोन आने के बाद क्रांति ने तुरंत श्रीलंका दौरे की तैयारी शुरू की। वे रात को छतरपुर से भोपाल रवाना हुईं, जहाँ से मंगलवार सुबह मुंबई के लिए फ्लाइट ली। मुंबई से वे भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ श्रीलंका के लिए रवाना हुईं, जहाँ 27 अप्रैल से शुरू होने वाली त्रिकोणीय वन-डे सीरीज में श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला होगा। जिला क्रिकेट एसोसिएशन और स्थानीय लोगों ने क्रांति की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं।क्रांति के चयन पर छतरपुर में जश्न, हुई आतिशबाजीनोट: इस समाचार के साथ फोटो क्रमांक 17, 18 एवं 19 लगाएं।छतरपुर की उभरती क्रिकेटर क्रांति गौड़ के भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन से जिले में उत्साह का माहौल है। 21 वर्षीय ऑलराउंडर के श्रीलंका दौरे के लिए चुने जाने पर क्रिकेट प्रेमियों ने आतिशबाजी कर, मिठाई बाँटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर जश्न मनाया। डीसीसीए के अध्यक्ष विनय चौरसिया और सचिव व कोच राजीव बिल्थरे को हार पहनाकर, मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएँ देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही युवाओं ने शहर के स्टेडियम में भी क्रांति की इस उपलिब्ध का जश्न मनाया। क्रांति के चयन पर पूरे जिले में खुशी की लहर है, और लोग सोशल मीडिया से लेकर गलियों तक क्रांति को शाबाशी दे रहे हैं। स्थानीय निवासियों और खेलप्रेमियों ने क्रांति के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर छतरपुर का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है। जश्न मनाने वाले खेलप्रेमियों में सुनील चौरसिया, कुलदीप पाठक, दीपक सोनी, सोनू विश्वकर्मा, शाहिद, राज गोस्वामी, प्रशांत सिंह, नारायण कुशवाहा, जुनैद, अहमद, मान्या बिल्थरे, भारती वर्मा, प्रिया अहिरवार, रीना पटेल, उमेश रजक, विवेक अहिरवार, सारांश असाटी, प्रिंस प्रजापति, धनंजय सिंह, आदर्श चौरसिया, तन्मय चौरसिया, गौरव शुक्ला, नैतिक चौरसिया, अनिरुद्ध प्रजापति सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here