
छतरपुर। बमनौरा थाना पुलिस ने ग्राम टिकरया में मार्च माह में फरियादी पप्पू उर्फ महेंद्र सिंह घोषी पर अवैध हथियार से फायर कर हत्या का प्रयास करने के मामले में 8000 रुपये के इनामी आरोपी राजा भैया उर्फ महेंद्र सिंह घोषी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास और मारपीट के 3 मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी शिशिर तिवारी ने बताया कि पहले इस मामले में 5 आरोपी- इंदू उर्फ इंद्रपाल घोषी, हाकम, राममिलन, साहब घोषी और राहुल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया था। उनके पास से देसी कट्टा, कारतूस और बोलेरो वाहन जब्त किया गया था। छठे आरोपी राजा भैया की तलाश में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।








