
महाराजपुर। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बारी में उधार दिए गए पैसे वापिस मांगने पर एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोपी, पीडि़त को लहूलुहान हालत में छोडक़र मौके से फरार हो गया था। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल पुष्पेंद्र पटेल ने बताया कि वह अपने खेत से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में छोटे राजा परमार ने उस पर हमला कर दिया। छोटे राजा ने पत्थर से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुष्पेंद्र ने बताया कि छोटे राजा ने उससे 50,000 रुपये उधार लिए थे, जो लंबे समय से नहीं लौटाए। जब उसने पैसे मांगे तो छोटे राजा ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पुष्पेंद्र बेहोश हो गया था, परिजनों को वह गांव के सरकारी स्कूल के पास लहूलुहान हालत में मिला। परिजन उसे गढ़ीमलहरा थाने ले गए, जहां उसने शिकायत दर्ज कराई गई।








