
खजुराहो। पर्यटन नगरी खजुराहो के जटकरा मार्ग एयरपोर्ट की सीमा पर स्थित अति प्राचीन बगराजन माता का प्रसिद्ध मंदिर है,उक्त मंदिर में विराजित देवी बघराजन की प्रतिमा वैष्णो माता की पिंडियों जैसे स्वरूप से मेल खाती हैं। इस मंदिर में वैसे तो श्रद्धालुओं का आना-जाना साल भर लगा रहता है, साथ ही घर परिवार में होने वाले शुभ कार्य वाहन खरीदी आदि की शुरुआत देवी बघराजन की पूजा से होती है लेकिन चैत्र नवरात्रि के समय यहां पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। मंदिर पीठ के महंत पंडित रमेशचन्द्र तथा पुजारी पं.श्रीराम रिक्षारिया के अनुसार इस मंदिर में माता की महिमा की कई किवदंतियों की चर्चा होती रहती है। मंदिर एयरपोर्ट रनवे के बीच में होने के बावजूद आज भी यथावत रखा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इस मंदिर को यहां से हटाकर अन्यत्र स्थांतरित करने का प्रयास किया, लेकिन इसे हटाने के सारे प्रयास विफल रहे,स्थानीय मान्यता के अनुसार माता की ऐसी महिमा रही है कि जब जब इस मंदिर को हटाने का प्रयास करने वाले जिम्मेदारों को अनिष्ठ का सामना करना पड़ा है, जिसके कारण कोई भी इस जिम्मेवारी उठाने को तैयार नहीं होता। क्षेत्र भर में बघराजन माता को सिद्ध पीठ के रूप में मान्यता है। यहां पर दूर दूर से देवीभक्त मन्नतें लेकर आते हैं और उन्हें माता की कृपा मिलती है।







