
छतरपुर। आगामी रामनवमीं पर्व को लेकर रामभक्तों में खासा उत्साह है। रामभक्तों की टोलियां दिन-रात मेहनत कर शहर को अयोध्या की तरह सजाने में जुटे हुए हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों को हिंदू संगठनों द्वारा अलग-अलग टीमें बनाकर सजाया जा रहा है। वहीं शहरवासियों को भगवा ध्वज देकर घरों के ऊपर लगाने की अपील की जा रही है। इस वर्ष की सज्जा में अलग-अलग स्थानों पर बनाए जा रहे 40 स्वागत द्वार आकर्षण का केन्द्र हैं, जिन्हें अलग-अलग समाज द्वारा बनवाया जा रहा है। छत्रसाल चौराहे पर स्थित महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा के साथ-साथ सड़कों पर विशेष सजावट की गई है। वहीं दूसरी ओर प्रताप नवयुवक संघ के तत्वावधान में मातृशक्ति के दल शोभायात्रा में शामिल होने वाली झांकियों की तैयारी कर रहे हैं।








