
छतरपुर। कोतवाली थाना पुलिस द्वारा पिछले दिनों एक कट्टा फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जप्त किए गए थे। फैक्ट्री संचालक ने पूछताछ के दौरान पुलिस को अवैध हथियार खरीदने वाले लोगों के नाम भी बताए थे, जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने छतरपुर और राजनगर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी अरविंद कुजूर ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में बस स्टैंड क्रमांक-2 से 315 बोर के कट्टा सहित पकड़े गए आरोपी बृजेंद्र पुत्र रजौली कुशवाहा निवासी शंकर कॉलोनी ग्राम बन्ने बुजुर्ग थाना पलेरा जिला टीकमगढ़ ने पूछताछ के दौरान हथियार फैक्ट्री का संचालन करने और असलम अंसारी पुत्र गुलाब अंसारी निवासी टौरिया मोहल्ला छतरपुर तथा देवी सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी बिनौरा थाना राजनगर को कट्टा बेचने की जानकारी पुलिस को दी थी। बृजेन्द्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने असलम अंसारी और देवी सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि असलम अंसारी आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध अवैध हथियार, अवैध मादक पदार्थ गांजा, शराब, मारपीट जैसे एक दर्जन अपराध पहले से पंजीबद्ध हैं। आरोपी देवी सिंह के विरुद्ध भी दो अपराध पहले से दर्ज हैं।







