
चालक, कंडक्टर सहित करीब एक दर्जन घायल
छतरपुर। बिजावर थाना क्षेत्र से गुरुवार को बड़ी सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसमें बस के चालक और कंडक्टर सहित करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। बताया गया है कि सुबह करीब साढ़े 11 बजे बिजावर से जटाशंकर धाम जा रही अपसा कंपनी की यात्री बस क्रमांक एमपी 16 जेडबी 3870 के सामने अचानक बंदर आ गया और उसे बचाते हुए बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गई। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि बस तेज रफ्तार में थी, जिस कारण से दुर्घटना हुई है। दुर्घटना में बस चालक और कंडक्टर सहित करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें घायलों को एंबुलेंस की मदद से बिजावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 5 घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पेड़ से बस टकराने के बाद चालक बुरी तरह से बस में फंस गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर और रस्सी की मदद से बाहर निकाला।








