
बक्सवाहा। गुरुवार को बक्सवाहा भाजपा मंडल की बैठक जनपद क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बडगढ़ धाम में आयोजित की गई। इस बीच बड़ा मलहरा विधानसभा क्षेत्र 53 के पूर्व विधायक, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त कुंवर प्रद्युम्न सिंह लोधी का जन्मदिन मनाया गया। वहीं पार्टी के वरिष्ठजनों व पदाधिकारियों, पीएससी परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं, स्थानीय पत्रकारों और नवनिर्वाचित भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम का सम्मान किया गया। इसके बाद सांध्यकाल में आर्केस्ट्रा भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्तिमय वातावरण छाया रहा। इस समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, बिजावर विधायक राजेश शुक्ला, बंडा विधायक वीरेंद्र लंबरदार समेत और भी जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। इस बैठक के दौरान बम्होरी के कैलाश असाटी के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक व्यक्तियों ने भारतीय जनता पार्टी की नीति एवं कार्यों से प्रभावित होकर प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
मीडिया का योगदान, जिले की विकास गाथा: जिलाध्यक्ष
भाजपा के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम ने सर्वप्रथम भाजपा संगठन के कार्यों एवं सरकार की उपलब्धियों पर जोर दिया। इसके साथ ही पत्रकारों के सम्मान के बारे में कहा कि मीडिया वह शक्ति है जो सरकार को वे बातें भी दिखाती है, जो उसके संज्ञान में नहीं होतीं। पत्रकारों की सतर्कता और मेहनत ही जिले के विकास की सही तस्वीर प्रस्तुत करती है।
हमारे लिए विधायक सिर्फ प्रद्युम्न सिंह- विधायक राजेश शुक्ला
बिजावर विधायक राजेश शुक्ला ने अपने संबोधन में भावुकता भरे शब्दों में कहा चाहे प्रद्युम्न सिंह लोधी चुनावी हार-जीत के कारण विधानसभा न पहुंचे हों, लेकिन हम और हमारी पार्टी की नजरों में आज भी वही हमारे विधायक हैं। पिछले कार्यकाल से लेकर आज तक, हमने मिलकर भोपाल में बड़ामलहरा और बिजावर के विकास के लिए लगातार आवाज उठाई है और आगे भी उठाते रहेंगे।
अब गांवों में भी दौड़ेगी लाल बत्ती- प्रद्युम्न सिंह
पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने जन्मदिन पर बधाई देने वाले सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पीएससी परीक्षा में सफल युवाओं की सराहना करते हुए गर्व से कहा कि अब तो हमारे गांवों में भी लाल बत्ती आएगी। शिक्षा के जरिए बक्सवाहा क्षेत्र नए आयाम गढ़ रहा है, और अब यहां के युवा प्रशासनिक सेवाओं में जाकर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में बंडा विधायक वीरेंद्र लंबरदार के अलावा अरविंद त्रिपाठी कार्यालय मंत्री, विवेक जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप खरे लल्ला, बड़ामलहरा नगर परिषद अध्यक्ष आनंद सिंह बुंदेला, घुवारा नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि गुड्डी जाहर सिंह, बक्सवाहा नगर परिषद अध्यक्ष किरण बृजगोपाल सोनी, बड़ामलहरा जनपद अध्यक्ष राघव राजा, बक्सवाहा जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मोती यादव, पूर्व जनपद अध्यक्ष अभय फट्टा, बलभद्र राय,जनपद सदस्य एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष मिली फट्टा, पूर्व मंडल अध्यक्ष विष्णु खरे, अनिल सोनी, पूर्व महामंत्री सुकुमाल जैन, प्रयांशु रावत, बलराम विश्वकर्मा के लगभग सभी अलावा बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री सहित कार्यकर्ता एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।







