
बकस्वाहा। बाल दिवस के अवसर पर आकार एकेडमी इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार भरत पांडे ने अपने संबोधन में कहा, सोशल मीडिया का प्रभाव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। इससे न केवल बच्चों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, बल्कि पारिवारिक संबंधों में भी दूरी बढ़ रही है। हमें चाहिए कि बच्चों को अधिक समय दें और उन्हें सोशल मीडिया की लत से बचाएं।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटक था, जिसमें सोशल मीडिया के साइड इफेक्ट्स को प्रभावी ढंग से दिखाया गया। नाटक ने यह संदेश दिया कि युवा पीढ़ी किस तरह आभासी दुनिया में खोकर अपने परिवार और वास्तविक रिश्तों से दूर होती जा रही है। बच्चों ने अपने प्रदर्शन से यह दिखाया कि मोबाइल और सोशल मीडिया पर अत्यधिक निर्भरता बच्चों को किस प्रकार से मानसिक और भावनात्मक रूप से प्रभावित कर रही है।ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सत्यम चौरसिया ने नाटक की प्रशंसा करते हुए कहा, सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पक्ष हैं। बच्चों को इसके उपयोग में संतुलन रखना सिखाने की आवश्यकता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के लिए बेहद लाभदायक हैं। वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) लव प्रताप सिंह ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए अनिवार्य हैं। आज के बच्चे कल का भविष्य हैं, और हमें उनकी शिक्षा और व्यक्तित्व विकास में निवेश करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। बच्चों ने नृत्य, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया।विद्यालय के प्रबंधन और शिक्षकों ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर नीरज तिवारी, राजू दुबे, रोहित जैन, कृष्णा दुबे, रूबी साहू, प्रवीण विश्वकर्मा, देशना जैन, साक्षी तिवारी, सुनीता यादव, रजनी सैन, समीक्षा जैन, ऋतु जैन, रक्षा तिवारी और संतोष रैकवार सहित स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का पालन करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।








