
दोनों के ऊपर पहले से दर्ज हैं डेढ़ दर्जन से अधिक मामले
छतरपुर। गौरिहार थाना क्षेत्र के ग्राम गहबरा में गत 30 जुलाई को आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक युवक का रास्ता रोककर बुरी तरह मारपीट की थी, जिसके चलते युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने प्रकरण में सात नामजद आरोपियों पर हत्या सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु की थी। मंगलवार को मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो कि थाना क्षेत्र के शातिर अपराधी हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों के विरुद्ध पहले से डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गौरिहार थाना प्रभारी उदयवीर सिंह तोमर ने बताया कि 30 जुलाई की दोपहर ग्राम गहबरा में 7 लोगों ने मिलकर मृतकक लालाभाई उर्फ विजय तिवारी के स्कार्पियो वाहन को रोक कर लाठी-डंडो से मारपीट की थी। पुलिस ने पीडि़त व साक्षियों के कथन अनुसार 7 नामजद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की हत्या के प्रयास सहित संबंधी विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया था। चूंकि कुछ ही समय बाद लालाभाई की मृत्यु हो गई थी, जिसके चलते बाद में हत्या की धारा बढ़ाई दी गई थी। घटना दिनांक से सभी आरोपी फरार थे, जिनकी तलाश लगातार की जा रही थी। मंगलवार को दो आरोपी रवि उर्फ रविंद्र पुत्र सुरेश अहिरवार और उदयभान उर्फ छोटू पुत्र गणेश शुक्ला दोनों निवासी गहबरा को गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी रवि अहिरवार के विरुद्ध 14 अपराध और छोटू शुक्ला के विरुद्ध 5 अपराध पहले से दर्ज हैं। प्रकरण के अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।







