
सामने आया सीसीटीवी वीडियो, 4 पर मामला दर्ज
छतरपुर। गत सप्ताह कोतवाली थाना क्षेत्र में कुछ अपराधियों द्वारा एक युवक के साथ की गई तालिबानी मारपीट का मामला अभी शांत ही हुआ था कि एक बार फिर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़के को असमाजिक तत्वों द्वारा पीटे जाने की घटना सामने आई है। ताजा मामले का सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर 4 आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।पीडि़त किशोर ने बताया कि वह शहर की हनुमान टौरिया के पीछे रहता है। शनिवार की शाम को किसी काम से बाजार गया था इसी दौरान रात करीब साढ़े 8 बजे हटवारा के समीप नशे में धुत्त करीब आधा दर्जन युवकों ने उसे रोक लिया और पैसे मांगने लगे। जब किशोर ने पैसे देने से मना किया तो उक्त युवकों ने मिलकर मारपीट शुरु कर दी, वहीं कुछ आरोपी अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं पीडि़त किशोर ने परिजनों के साथ थाना कोतवाली में शिकायत की जिस पर पुलिस ने आरोपी मुस्तकिम मंसूरी, रंगीला खान, वारिश मंसूरी और फरदीन खान के विरुद्ध धारा 327, 323, 294, 506, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की है।








