
हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
नौगांव। थाना क्षेत्र की लुगासी चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम चौखड़ा में एक महिला की उसके पति द्वारा नृशंस हत्या किए जाने की घटना सामने आई है। बताया गया है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद पति ने तैश में आकर पत्नी के ऊपर कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया और मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद लुगासी चौकी पुलिस के साथ नौगांव एसडीओपी और नौगांव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ चौखड़ा पहुंचे। घटना के बाद से हत्यारोपी पति फरार है, पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक चौखड़ा निवासी जयहिंद पुत्र अर्जुन यादव का दो वर्ष पूर्व राजनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाले मंगलदीन यादव की पुत्री भारती यादव के साथ हुआ था। विवाह के बाद दोनों के दो बच्चे भी हुए। बताया गया है कि बुधवार की शाम जयहिंद और भारती के बीच किसी को लेकर झगड़ा हो गया, जिसके बाद जयहिंद ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाकर भारती के गले पर दे मारी। कुल्हाड़ी लगने के कारण भारती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और आरोपी जयहिंद तत्काल मौके से भाग खड़ा हुआ। घटना की सूचना जैसे ही लुगासी चौकी प्रभारी बलराम यादव को मिली वैसे ही वे अधिकारियों को सूचना देकर घटना स्थल की ओर रवाना हो गए। कुछ ही समय में नौगांव एसडीओपी चंचलेश मरकाम और नौगांव थाना प्रभारी सतीश सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की बारीकी से विवेचना शुरू कर दी। लुगासी चौकी में जयहिंद यादव के विरुद्ध हत्या का मामला पंजीबद्ध किया गया है। बहरहाल इस घटना के बाद पूरे चौखड़ा गांव में शोक का माहौल है और इस घटना के कारण अनाथ हुए मृतिका के दोनों मासूम बच्चों के प्रति ग्रामीणों ने अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। गुरूवार को मृतिका के शव का नौगांव में पोस्टमार्टम किया गया।









