
शहर में जारी है स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य, अब तक 19 हजार लगे
छतरपुर। बिजली का बेफिजूल उपयोग करने वाले अब अपनी आदतें बदल लें, क्योंकि जल्द ही पूरे शहर में बिजली के स्मार्ट मीटर लग जाएंगे। स्मार्ट मीटर की खासियत यह है कि अगर उपभोक्ता समय पर बिल नहीं चुकाएगा तो विभागीय दफ्तर से ही उसके घर की बिजली बंद कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि पूरे शहर में कुल 44 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं, जिनमें से अभी 19 हजार स्मार्ट मीटर लग चुके हैं।
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के छतरपुर कार्यालय में पदस्थ कार्यपालन अभियंता आरए मिश्रा ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से न केवल विभाग को सहूलियत होगी बल्कि यह उपभोक्ताओं के भी हित में होगा। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लग जाने से बिजली की खपत के मुताबिक ही बिल आएगा जो कि समय पर उपभोक्ता तक पहुंचेगा। इसके अलावा मीटर में छेड़छाड़ करके बिजली का बिल भी कम नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा स्मार्ट मीटर लगने से बिजली चोरी रुकेगी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली खपत की जानकारी सीधे बिजली कंपनी के दफ्तर में ऑटोमैटिक अपडेट होगी और समय पर बिल न भरने पर दफ्तर से ही बिजली मीटर के जरिए सप्लाई बंद की जा सकेगी। श्री मिश्रा के मुताबिक इस मीटर में छेड़छाड़ नहीं की जा सकेगी और यदि कोई प्रयास करेगा तो कार्यालय को इसकी जानकारी मिल जाएगी।








