
छतरपुर। शहर के वार्ड नंबर-16 में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-29 में बिजली का कनेक्शन न होने के कारण यहां पदस्थ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बच्चों का गर्मी के कारण हाल बेहाल है। बताया गया है कि आंगनबाड़ी में बिजली न होने के कारण बच्चे यहां जाने से कतरा रहे हैं। साथ ही यहां पदस्थ स्टाफ भी बेहद परेशान हैं। केन्द्र पर हर मंगलवार और शुक्रवार को टीकाकरण होता है, लेकिन बिजली न होने के कारण महिलाएं और बच्चे यहां नहीं पहुंचते। एएनएम माधुरी पटेल बताती हैं कि वे सप्ताह में दो दिन केन्द्र पर वैक्सीन लगाने आती हैं लेकिन विद्युत व्यवस्था न होने के कारण महिलाएं टीकाकरण कराने के लिए नहीं आतीं। उन्होंने बताया कि विद्युत कनेक्शन न होने के साथ-साथ केन्द्र पर पंखे भी नहीं हैं। आंगनबाड़ी के स्टाफ ने महिला बाल विकास विभाग से समस्या पर ध्यान देकर उसका निराकरण कराने का आग्रह किया है।







