Home डेली न्यूज़ विश्वविद्यालय में अव्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थी सेना ने सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन...

विश्वविद्यालय में अव्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थी सेना ने सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

Jeevan Ayurveda


छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और विभिन्न अव्यवस्थाओं को लेकर भारतीय विद्यार्थी सेना (शिवसेना) ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। संगठन ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली से छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
विद्यार्थी सेना ने ज्ञापन में परीक्षा परिणामों में लगातार सामने आ रही कथित त्रुटियों और एटीकेटी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। संगठन का आरोप है कि विद्यार्थियों से बार-बार फीस वसूलने के उद्देश्य से उन्हें जानबूझकर एटीकेटी दी जा रही है। साथ ही परिणामों में सुधार की मांग को लेकर विद्यार्थियों द्वारा आवाज उठाने या आंदोलन करने पर उनकी बात को दबाने और अनसुना करने का प्रयास किया जाता है। संगठन ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
ज्ञापन में विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग भी की गई। विद्यार्थी सेना ने कहा कि परिसर में जरूरत के अनुसार आरओ वॉटर प्यूरीफायर और वॉटर कूलर लगाए जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं को गर्मी के दौरान पेयजल की परेशानी न हो।
भारतीय विद्यार्थी सेना के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ द्विवेदी, जिला प्रभारी प्रिंस द्विवेदी और इकाई अध्यक्ष योगेंद्र कुमार पाल ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने ज्ञापन में उठाई गई मांगों और समस्याओं पर शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here