Home डेली न्यूज़ दूध की गुणवत्ता पर प्रशासन की सख्ती, डेयरियों और चिलिंग सेंटरों का...

दूध की गुणवत्ता पर प्रशासन की सख्ती, डेयरियों और चिलिंग सेंटरों का औचक निरीक्षण

Jeevan Ayurveda


छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन छतरपुर द्वारा शहर में संचालित दुग्ध शीत केन्द्रों एवं डेयरियों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. तिवारी ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध के नमूने जांच के लिए लिए।
 खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा सागर रोड स्थित न्यू लखन दूध डेयरी एवं दीपक दूध डेयरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दूध के नमूने लिए गए तथा डेयरी परिसर में स्वच्छता मानकों की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान पाई गई कमियों से डेयरी संचालकों को अवगत कराते हुए अगले निरीक्षण से पूर्व आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
  इसी क्रम में नौगांव रोड स्थित वी.आर.एस. फूड्स चिलिंग सेंटर एवं सत्यम दूध डेयरी का भी निरीक्षण किया गया। जिसमें दूध के भंडारण से लेकर परिवहन तक सभी चरणों में निर्धारित उचित तापमान बनाए रखने तथा परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। दोनों डेयरियों से भी दूध के नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से जांच परिणाम प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. तिवारी ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here