Home डेली न्यूज़ एसडीएम व जनपद सीईओने किया रक्तदान, स्वैच्छिक रक्तदान के लिए किया प्रेरित

एसडीएम व जनपद सीईओने किया रक्तदान, स्वैच्छिक रक्तदान के लिए किया प्रेरित

Jeevan Ayurveda


नौगांव। जिला कलेक्टर के निर्देशन में नौगांव के सिविल अस्पताल परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। छतरपुर से पहुंची ब्लड वैन के माध्यम से अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर की शुरुआत एसडीएम गोपाल शरण पटेल ने स्वयं रक्तदान कर की और उपस्थित लोगों को मानवता की सेवा के इस पुनीत कार्य में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान सीबीएमओ डॉ. रविंद्र पटेल ने बताया कि जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय पर रक्त मिलने से कई गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
रक्तदान अभियान में जनपद पंचायत के सीईओ प्रभात घनघोरिया, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, पॉलिटेक्निक कॉलेज के कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान के बाद एसडीएम गोपाल शरण पटेल ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। उन्होंने बताया कि वह लगभग 59 वर्ष की आयु में भी नियमित रूप से रक्तदान करते हैं। उन्होंने लोगों की भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि रक्तदान से शरीर को कोई नुकसान नहीं होता, बल्कि यह पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाई जा सकती है।
जनपद पंचायत सीईओ प्रभात घनघोरिया ने कहा कि जिला कलेक्टर के निर्देशन में चल रहे इस जनहित अभियान से प्रेरित होकर उन्होंने स्वयं रक्तदान किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके और अधिक से अधिक लोग इस मानवीय अभियान से जुड़ें।
रक्तदान शिविर के माध्यम से अधिकारियों ने समाज को यह संदेश दिया कि स्वैच्छिक रक्तदान न केवल मानवता की सच्ची सेवा है, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे प्रभावी माध्यम भी है। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here