चंदला। युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चंदला स्थित सांदीपनि विद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चंदला थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल हुईं और छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टीआई श्रद्धा शुक्ला ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवनभर नशे से दूर रहने का संकल्प लेने की अपील करते हुए नशे से दूरी है जरूरी का संदेश दिया। साथ ही सभी छात्र-छात्राओं को नशा न करने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति पर आधारित प्रेरक गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को नशे के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प मजबूत किया।
विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्कूली स्तर पर आयोजित ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ उन्हें सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।









