छतरपुर। आगामी त्योहार गणेशोत्सव, पर्यूषण पर्व और ईद के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने पुलिस कंट्रोल रूम में एक विशेष बैठक का आयोजन कर शहरवासियों से सुरक्षा संबंधी सुझाव लिए और सभी त्यौहारों को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की।
सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने शहर के तीनों थानों कोतवाली, सिविल लाइन और ओरछा रोड के पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में शहर के गणमान्य लोगों, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, व्यापारियों और पत्रकारों से संवाद किया। बैठक में गणेशोत्सव के दौरान होने वाले आयोजनों, मेला जलविहार, जैन समाज के पर्यूषण पर्व और मुस्लिम समाज की ईद के आयोजनों पर विस्तार से चर्चा हुई। सीएसपी अरुण सोनी ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंधों की जानकारी दी और सभी त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से सुझाव भी लिए। उन्होंने बताया कि त्यौहारों के दौरान पुलिस की एक विशेष टीम सोशल मीडिया पर नजर रखेगी, यदि कोई आपत्तिजनक पोस्ट, तस्वीर या भ्रामक जानकारी साझा की गई, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










