
छतरपुर। शहर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के पठापुर रोड पर रविवार दोपहर करीब 3 बजे पानी से भरे गड्ढे में डूबकर 3 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। परिजन बच्चे को जिला अस्पताल लेकर आए थे, जहां मौत की पुष्टि के बाद बच्चे की मां का बिलखना हर किसी की आंखें नम कर गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार पड़ोसी जिले टीकमगढ़ के कुड़ीला गांव के बछोड़ा मजरा का रहने वाला खरगा प्रसाद प्रजापति और उसकी पत्नी भगवती पिछले एक माह से छतरपुर के लोकनाथपुरम के पास किराए से रहकर मजदूरी कर रहे थे। रविवार को वह पठापुर रोड पर चल रहे एक निर्माण कार्य में मजदूरी करने गए थे। खरगा का 3 वर्षीय पुत्र कृष्णा भी उनके साथ निर्माण स्थल पर था, जो दोपहर करीब 3 बजे खेलते-खेलते पास में मौजूद पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। काफी देर तक जब भगवती को बच्चा दिखाई नहीं दिया तो उसने काम छोड़कर बच्चे की तलाश शुरू की और इसके बाद गड्ढे में बच्चे को देखकर चीख पड़ी। आनन-फानन में बच्चे को गड्ढे से बाहर निकालकर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही भगवती अपने बच्चे के शव को गोद में लेकर फूट-फूटकर रोने लगीं। जब पिता खरगा ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव लेने की कोशिश की, तो मां ने देने से इनकार कर दिया। काफी समझाने के बाद भी वह तैयार नहीं हुईं, जिसके चलते शव को जबरन छीनकर मर्चरी ले जाया गया।









